कानपुर धमाका: स्कूटियों की पहचान कर ली गई, पटाखा विस्फोट की संभावना ज्यादा

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में शाम सवा 7 बजे मिश्री बाजार में दो स्कूटियों में हुए धमाके की शुरुआती जांच में पटाखा विस्फोट की संभावना जताई जा रही है. यह बात मौके पर मौजूद कानपुर के नये पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कही. उन्होंने कहा कि दोनों स्कूटियों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है और शुरुआती जांच में पटाखा विस्फोट की संभावना जताई जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि किसी एक्सप्लोसिव का इस्तेमाल हुआ होता, तो दोनों स्कूटरों का आगे का हिस्सा पूरी तरह उड़ जाता और आसपास की दीवारें भी क्षतिग्रस्त होतीं.

फिलहाल, हर पहलू की जांच की जा रही है. यूपी एटीएस के साथ-साथ BDS और FSL की टीम भी मौके पर मौजूद है और यह पता लगाने में लगी है कि विस्फोट किस प्रकार का था. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के असली कारण का खुलासा होगा. मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

क्या बोले संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार? संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने कहा कि शाम करीब 7:15 बजे दो स्कूटरों में धमाका हुआ, जिसमें एक महिला सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं. संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है और घटना की गहन जांच की जा रही है. विस्फोट के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है. उन्होंने बताया कि जिन स्कूटी में धमाका हुआ था, उनकी पहचान कर ली गई है और उन्हें चलाने वालों से भी पूछताछ की जाएगी. आशुतोष कुमार ने कहा कि यह घटना दुर्घटना है या किसी साज़िश का हिस्सा, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है.

मस्जिद की दीवारों में दरारें आईं: विस्फोट इतना तेज था कि पास स्थित मरकज मस्जिद की दीवारों में भी दरारें आ गईं. हालांकि पुलिस का कहना है कि धमाका सड़क किनारे खड़े स्कूटर में हुआ. वहीं, अब तक उर्सुला अस्पताल में आठ घायलों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है. 

धमाके की गूँज 500 मीटर दूर तक सुनाई दी: धमाका इतना जोरदार था कि उसकी गूंज लगभग 500 मीटर दूर तक सुनाई दी. आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. घटना के तुरंत बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. अधिकारियों के अनुसार, अधिकारी विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं और इलाके में जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *