पुनीत शुक्ला, कानपुर।
मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार में पटाखों से हुए धमाके के बाद पुलिस अब एक्शन में है. मेस्टन रोड के बाद फजलगंज थानाक्षेत्र के गुरुनानक मार्केट में आज पुलिस ने छापेमारी कर एक गोदाम से 60 कुंतल पटाखा बरामद किया है. घनी आबादी वाले इलाके में इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में सनसनी मच गई. पुलिस को माल जब्त करने के लिए करीब 10 लोडर मंगवाने पड़े, अवैध पटाखों के भंडारण में यह अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.
फजलगंज स्थित गुरुनानक मार्केट में अधिकांश रूप से वाहनों स्पेयर पार्ट्स का कारोबार होता है. मेस्टन रोड पर हुए विस्फोट से सीख लेते हुए पुलिस ने दीपावली त्योहार में अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है जिसके तहत आज एसीपी स्वरूप नगर सुमित सुधाकर रामटेके समेत फजलगंज पुलिस ने गुरुनानक मार्केट में अवैध पटाखा भंडारण की सूचना पर एक गोदाम में छापेमारी की.
2 महीने से हो रहा था अवैध भंडारण: एसीपी स्वरूप नगर ने बताया कि कुछ समय से क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण की जानकारी पर छापेमारी की गई. अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया. छापेमारी में करीब एक करोड़ की लागत का 60 कुंतल पटाखा गोदाम में मिला है.
150 गत्ता माल बरामद: आसपास के दुकानदारों ने बताया कि करीब 2 महीने से कुछ लोग गोदाम में आकर माल रख रहे थे, लेकिन उन्हें पटाखों के भंडारण की जानकारी नहीं थी. पूछताछ में पता चला है कि गोदाम का मालिक गोविंद नगर निवासी हिमांशु है. उसने 3 साल पहले राजा पासवान नाम के युवक को गोदाम किराए में दिया था. लगभग 150 गत्ता माल बरामद कर लिया गया है. गोदाम मालिक व किराएदार फरार हो गए हैं. आरोपियों की तलाश की जा रही है.
















Leave a Reply