UP के अलीगढ़ में बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. हत्या के बाद से फरार चल रही 25 हज़ार की इनामी निलंबित महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती उर्फ़ पूजा शकुन पांडेय को पुलिस टीम ने आखिरकार दबोच लिया.
कब की है ये घटना? 26 सितंबर की देर शाम कस्बा खैर में खेरेश्वर चौराहे पर बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में अशोक पांडेय और पूजा शकुन पांडेय पर अज्ञात शूटरों से हत्या करवाने का आरोप लगा था. पुलिस पहले ही अशोक पांडेय के साथ-साथ शूटर मो. फजल और आसिफ को जेल भेज चुकी है.
हत्या के बाद पूजा शकुन पांडेय बुर्का पहनकर फरार हो गई थी. वह पहले अलीगढ़ से गाजियाबाद, फिर हरिद्वार तक पहुंची. पुलिस लगातार उसके पीछे लगी रही और उत्तराखंड सहित कई जगह दबिश दी गई. आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया.
पुलिस पूजा शकुन पांडेय को अलीगढ़ ला रही है. उससे अभिषेक हत्याकांड के कारणों और साजिश को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी. पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जाएगा. बता दें, फरारी के दौरान पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और अदालत से एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) भी जारी कराया गया था. अलीगढ़ पुलिस जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश का खुलासा करने वाली है.















Leave a Reply