गोरखपुर में एम्बुलेंस में लगी आग, ऑक्सीजन सिलेंडर फटा; धमाकों से दहला इलाका

Spread the love

गोरखपुर में रविवार क दोपहर हादसा हो गया. एम्स क्षेत्र के सोनबरसा बाजार स्थित फोरलेन फ्लाईओवर पर एक एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. एम्बुलेंस में मौजूद मरीज, उसके परिजन और चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. हालांकि, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक युवक घायल हो गया.

घटना रविवार अपराह्न करीब 2:30 बजे की है। बनारस के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले के सबया गांव निवासी अमित कुमार अपनी बीमार मां नीलम चौबे (58) को एम्बुलेंस से लेकर घर लौट रहे थे. साथ में उनका भाई सुमित भी था। रास्ते में सोनबरसा बाजार फोरलेन फ्लाईओवर पर अचानक एम्बुलेंस के इंजन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई.

एम्बुलेंस चालक संतोष कुमार, जो बनारस का रहने वाला है, ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए मरीज और परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसी बीच एम्बुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे दो बार तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तीव्र थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी मच गई. धमाके के दौरान मौके पर तमाशा देख रहे बेलवा खुर्द निवासी मोनू (28) पुत्र रामप्रीत सिलेंडर के टुकड़ों की चपेट में आकर घायल हो गया. सूचना मिलते ही सोनबरसा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई, लेकिन जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, तब तक एम्बुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. हादसे के बाद करीब एक घंटे तक फोरलेन पर यातायात बाधित रहा. पुलिस ने जली हुई एम्बुलेंस को किनारे कराकर आवागमन बहाल कराया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक ने तुरंत निर्णय न लिया होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सही कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *