अलीगढ़ में सांड़ का आतंक: राह चलते लोगों को उठाकर पटका, दो की मौत; छह घायल

Spread the love

अलीगढ़ में सांड़ के हमले ने शहर में दहशत फैला दी है. दो अलग-अलग घटनाओं में सांड़ ने राह चलते लोगों पर हमला कर दिया. इसके दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. ये घटनाएं क्वार्सी क्षेत्र के नगला तिकोना, मान सरोवर और गांधीपार्क क्षेत्र के डोरी नगर में हुईं. हमले इतने भयावह थे कि स्थानीय लोग सहम गए. एक हमले का वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें सांड़ एक युवक को उठाकर कई मीटर दूर फेंक देता है.

पहली घटना नगला तिकोना में हुई, जहां सांड़ ने अचानक राहगीरों पर हमला कर दिया. इसके बाद दूसरी घटना डोरी नगर में सामने आई. यहां सांड़ ने एक युवक को उठाकर पटक दिया. दोनों घटनाओं में कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. एक युवक और एक बुजुर्ग की मौत हुई है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पशु चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि सांड़ रेबीज रोग से ग्रसित था. इसके कारण उसका व्यवहार असामान्य और आक्रामक हो गया था. रेबीज एक खतरनाक बीमारी है. इस बीमारी के कारण जानवरों का व्यवहार बदल जाता है और इंसानों के लिए भी घातक हो सकती है.

हमले के बाद सांड़ की भी मौत हो गई. इससे स्थानीय लोगों में कुछ राहत तो मिली, लेकिन इस घटना ने प्रशासन के सामने आवारा पशुओं के प्रबंधन का गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में आवारा सांडों का आतंक पहले भी देखा गया है, लेकिन इस तरह की हिंसक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया. निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों को शांत करने का आश्वासन दिया है और मामले की गहन जांच की बात कही है. इस घटना ने अलीगढ़ में पशु प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा के मुद्दों को फिर से चर्चा में ला दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *