कुशीनगर में बिहार जा रही खचाखच भरी बस पलटी, 20 घायल; 2 की हालत गंभीर

Spread the love

दिवाली के बाद छठ पूजा के लिए अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में लोग बिहार लौट रहे हैं. ट्रेनों-बसों में भारी भीड़ है. ऐसे में राजस्थान के जयपुर से बिहार के सीतामढ़ी जा रही यात्रियों से खचाखच भरी एक बस यूपी के कुशीनगर में बिहार बार्डर से महज 500 मीटर पहले सलेमगढ़ फोरलेन पर बहादुरपुर चौकी के पास बेकाबू होकर पलट गई. मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में 20 यात्री घायल हुए हैं. दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा, नेशनल हाईवे-28 पर गुरुवार तड़के हुआ.

लोगों का कहना है कि बस में क्षमता से कहीं अधिक यात्री सवार थे। बस पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. पलटी हुई बस के अंदर फंसे यात्रियों को आसपास से दौड़े आए गांववालों ने किसी तरह बाहर निकाला. हादसे की वजह से काफी देर तक फोरलेन पर यातायात रुका रहा. अभी तक मिली जानकारी के अनुसार करीब 20 यात्री घायल हुए हैं. इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने घायलों को दुर्घटनास्थल के पास स्थित अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को पड़रौना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य घायलों का तमकुही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज चल रहा है.

वहीं, इस हादसे के बाद कई लोग त्योहारी सीजन में घर लौटना चाह रहे लोगों की दिक्कतों पर बात की. लोगों का कहना है कि प्राइवेट बस वाले इस बात पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते कि बस के अंदर अत्यधिक भीड होने पर सवारियों को कितनी परेशानी और तकलीफ होगी.

हादसे की सूचना पर पहुंचे अफसर: हादसे की सूचना पर जिले के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. SDM आकांक्षा मिश्रा ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया. उन्होंने अस्पताल में भी घायलों का हालचाल लिया। पुलिस घायलों के परिवारीजनों को सूचना दे रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *