UP के शामली में एक लाख के इनामी बदमाश को पुलिस और SOG ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. बदमाश का नाम फैसल था. वह कुख्यात संजीव जीवा गैंग का शूटर था. मुठभेड़ गुरुवार रात भोगीमजरा के जंगल में हुई.
SSP एनपी सिंह ने बताया, ‘भैया दूज की रात दो बदमाशों ने झिंझाना क्षेत्र में पति-पत्नी से बाइक लूट ली थी. पुलिस को सूचना मिलने पर तत्काल घेराबंदी की गई. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में फैसल को गोली लग गई. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में SOG सिपाही दीपक निर्वाण को भी गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.’ वहीं, फैसल का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. उसकी तलाश में पुलिस टीम ने जंगल में कॉम्बिंग शुरू की है. फैसल मुजफ्फरनगर के खालापार का रहने वाला था.

मुठभेड़ वाली जगह पर पुलिस के अधिकारी पहुंचे और जांच की. पुलिस ने मौके से दो बाइक, दो पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं. झिंझाना थाना प्रभारी ने बताया कि फरार बदमाश की पहचान की जा रही है. उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण करने के साथ घायल सिपाही का हालचाल लिया. मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.















Leave a Reply