लखनऊ में पुलिस टीम पर भीड़ का हमला, दर्जनभर पुलिसकर्मी घायल, हत्या के आरोपी को छोड़ने पर बवाल

Spread the love

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अफरा-तफरी मच गई, जब गेस्ट हाउस में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में गुस्साई भीड़ ने थाने पर धावा बोल दिया. बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा एक आरोपी को रिहा किए जाने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने थाने पर जमकर पथराव कर दिया. इस हमले में करीब दर्जनभर पुलिसकर्मी घायल हो गए. 

हिरासत में लिए आरोपी को छोड़ने पर बवाल: जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले इलाके के एक गेस्ट हाउस में युवक का शव बरामद हुआ था. परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी. पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन देर शाम उसे छोड़ दिया गया. आरोपी की रिहाई की खबर फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में भीड़ थाने के बाहर जुट गई.

पुलिस ने बल का प्रयोग कर हालात पर काबू पाया: देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और लोगों ने थाने पर हमला कर दिया. उपद्रवियों ने पथराव करते हुए थाने के अंदर घुसने की कोशिश की, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने किसी तरह बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात पर काबू पाया.

कई थानों की पुलिस ने मोर्चा संभाला: घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है.  वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.  फिलहाल थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की गई. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *