लखनऊ में एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस बनी आग का गोला, टायर फटा; 39 यात्री उतरकर भागे

Spread the love

दिल्ली से गोंडा जा रही एक डबल डेकर बस में रविवार की अल सुबह लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के पास तकनीकी खराबी के कारण आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया. यात्रियों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की. हालांकि, आग नहीं बुझी. धुआं निकलते देख चालक ने बस रोक दी और आनन-फानन उसमें बैठे लोगों को उतारा गया. बस में 39 लोग सवार थे. इस बीच पुलिस और दमकल टीम को भी सूचना दी गई.

टायर फटा, फिर अचानक धुआं निकलने लगा: यात्रियों ने बताया कि बस एक्सप्रेस-वे पर 80 से 90 की रफ्तार में चल रही थी, तभी पीछे का टायर अचानक फट गया. तेज आवाज आई और बस लहरा गई. ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक मारकर बस रोकी. वह नीचे उतरकर चेक कर रहा था, तभी पीछे की तरफ से धुआं उठने लगा. धुआं उठते देख ड्राइवर और क्लीनर घबरा गए. उन्होंने यात्रियों को चिल्लाकर बाहर बुलाया. सुबह का वक्त था, ऐसे में ज्यादातर यात्री सो रहे थे. कई यात्री बस में सामान छोड़कर बाहर भागकर आए. तब तक धुआं लपटों में तब्दील हो चुका था. दमकल ने आग बुझाई तो सिर्फ ढांचा बचा.

सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मोबीन अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. इस बीच पूरी बस आज का गोला बन गई. फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ी घटना होने से बच गई.

प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर ने बताया कि बिहार प्रदेश के नंबर की एक डबल डेकर बस दिल्ली से गोंडा जा रही थी. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है. मौके पर स्थिति अब सामान्य है. बस में आग फैलने से पहले ही उसमें सवार यात्रियों को और उनके सामान को सुरक्षित निकाल लिया गया था. बस में 39 लोग सवार थे.

सभी यात्री सुरक्षित: रविवार को सुबह समय करीब 4:45 बजे दिल्ली से आगरा एक्सप्रेस वे होते हुए गोंडा जा रही बस नं. BR28P6333 में टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले अचानक पहिए में आग लग गई जिससे आग सारी बस में फैल गई तत्काल सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से उतार कर सभी को सेफ किया गया. तथा फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी गई. कोई जनहानि नहीं हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *