कानपुर में मकड़ीखेड़ा नाला 198.37 करोड़ से बनेगा. नगर विकास मंत्री ने नगरीय आपदा राहत कोष से इन नाले के निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी. नाला बनने से गुप्ता कॉलोनी सहित आसपास के मोहल्लों के लाखों लोगों को जलभराव से निजात मिलेगी. उक्त जानकारी विधायक नीलिमा कटियार ने दी.
कल्याणपुर-सिंहपुर रोड स्थित नवशील धाम, मकड़ीखेड़ा, गुप्ता सोसाइटी सहित आसपास के विभिन्न मोहल्लों में बरसात में घरों तक में जलभराव होता है. महीनों सड़कों से लेकर घरों तक में पानी भरने से न सिर्फ आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि गृहस्थी का सामान तक खराब हो जाता है. आईआईटी, कल्याणपुर, आवास-विकास, विश्वविद्यालय, इंद्रानगर सहित विभिन्न मोहल्लों का गंदा पानी भी मकड़ीखेड़ा, गुप्ता सोसाइटी में भरने से कई महीने स्थिति नारकीय रहती.
निर्माण की अनुमानित लागत 198.37 करोड़ रुपये: इसके मद्देनजर नगर निगम ने आठ महीने पहले नवशील धाम से सिंहपुर तिराहा होते हुए मकड़ीखेड़ा, जागेश्वर मंदिर के पास तक आरसीसी नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था. शासन से सैद्धांतिक सहमति के बाद नगर निगम ने जल निगम की निर्माण इकाई सी एंड डीएस से इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई है. निर्माण की अनुमानित लागत 198.37 करोड़ रुपये है.
नाला निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत: छह महीने पहले डीपीआर शासन को भेजी गई थी. विधायक नीलिमा कटियार ने बताया कि उन्होंने याचिका समिति में यह मामला उठाया था. नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मिलकर नगरीय आपदा राहत कोष से इस नाले के लिए धन स्वीकृत करने का आग्रह किया. विधायक ने दावा किया कि नगर विकास मंत्री ने मकड़ीखेड़ा नाला निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत कर दिया है.
















Leave a Reply