UP में लंबे समय से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है. 14 दिसंबर को चुनाव के बाद प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग जाएगी. भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के संगठन चुनाव अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 13 दिसंबर को दोपहर 1:00 बजे से 02बजे तक पार्टी के राज्य मुख्यालय पर नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक श्री विनोद तावड़े जी की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र लिया जाएगा.
प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए केंद्रीय चुनाव अधिकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा 14 दिसंबर को चुनाव की प्रकिया पूर्ण कर प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन सम्पन्न कराया जाएगा. चर्चा है कि भाजपा के केंद्रीय चुनाव अधिकारी कैबिनेट मंत्री पीयूष गोयल के 13 दिसंबर को लखनऊ आंएगे. माना जा रहा है कि उनके लखनऊ आने का प्रयोजन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के ऐलान को लेकर होने वाली औपचारिकता पूरी करना है. अगर सब ठीक रहा तो 14 दिसंबर को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया जाएगा.
नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा के बीच प्रधानमंत्री से मिले भूपेंद्र चौधरी: भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने की अटकलों के बीच गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. भले ही इस मुलाकात को पूर्वनियोजित बताया जा रहा हो, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के मायने तलाशे जा रहे हैं. सूत्रों का दावा है कि अगले कुछ दिनों में ही भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय हो जाएगा. यूपी में भाजपा का नया अध्यक्ष घोषित करने की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं.
बीते दिनों भाजपा ने प्रांतीय परिषद के नामों की सूची भी जारी की थी. इसके बाद से ही चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है कि अब नाम घोषित होने में कुछ ही दिन बचे हैं क्योंकि यही प्रांतीय परिषद के सदस्य भाजपा अध्यक्ष के निर्वाचन में मतदान करते हैं. केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, बीएल वर्मा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह आदि के नाम चर्चाओं में हैं. जानकारों के मुताबिक भूपेंद्र चौधरी ने मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री को यूपी की सांगठनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी.















Leave a Reply