कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में देर रात चोरों ने सीमेंट-मौरंग की एक दुकान में चोरी की. आरोपियों ने पहले ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की और इसके बाद शटर काटकर दुकान के अंदर घुस गए. दुकान के अंदर आरोपियों ने सोलर पैनल की बैटरी चोरी कर ली.
इतना ही नहीं आरोपी पैनल सहित बैटरी को उठा ले गए. दुकान से एक किलोमीटर जाकर आरोपियों ने पैनल से बैटरी निकाल ली और पैनल को नहर किनारे फेंककर भाग गए. सुबह जब दुकान संचालक पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 और क्षेत्रिय पुलिस को जानकारी दी और मुकदमा दर्ज कराया है.
एक लाख रुपए से ज्यादा है कीमत: कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गूबा गार्डन निवासी अभिषेक यादव कारोबारी हैं. उनकी बिठूर के कुरसौली नहर पुल के पास भोले ट्रेडिंग कंपनी के नाम से सीमेंट, मौरंग, गिट्टी की दुकान है. हर दिन की तरह वह शुक्रवार को भी देर रात करीब 8 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे.
जिसके बाद देर रात चोरों ने घटना को अंजाम दिया. जब वह सुबह दुकान पहुंचे तो देखा कि चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी की है. दुकान में रखें सोलर पैनल बॉक्स उठा ले गए और पास खड़े ट्रैक्टर बैटरी भी निकाल ली. आसपास खोजबीन करने पर सोलर बैटरी का पैनल नहर के किनारे पड़ा मिला. उन्होंने बताया कि बैटरी की कीमत 1 लाख रुपए से ज्यादा है.
सीसीटीवी तलाश रही है पुलिस: घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है. वहीं पुलिस आसपास के इलाके में लगे हुए सीसीटीवी भी खंगाल रही है, जिससे चोरों का पता लगाया जा सके.
बिठूर थाना प्रभारी प्रेम नारायण विश्वकर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. मामले की जांच के लिए टीम लगा दी गई है और आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. जल्दी ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और उनकी गिरफ्तारी होगी.
















Leave a Reply