पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में डंपर ने युवक को रौंद दिया. पहिए के नीचे फंसा युवक करीब 70 मीटर तक घिसटता चला गया. हादसे का 40 सेकेंड का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई.
वीडियो में दिख रहा है कि युवक सड़क पर चलता हुआ अचानक जाम में खड़े डंपर पर चढ़ने की कोशिश करता है. इसी दौरान उसका पैर फिसल जाता है और वह नीचे गिरते ही डंपर के पहियों के नीचे आ जाता है. युवक मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाता है लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता, डंपर उसे रौंदते हुए आगे बढ़ जाता है.
हादसा बुधवार को हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में हुआ. मृतक की पहचान रेउना निवासी कैविल्स देव गौतम (32) के रूप में हुई है. उधर, घटना के बाद परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.
बहन के घर पर रहकर अपना कामधंधा करता था युवक: कैविल्स के पिता छोटेलाल किसान हैं. परिवार में मां केसकली, दो भाई प्रमोद और इंद्रजीत हैं. तीन बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है. कैविल्स निर्माणाधीन मकानों में पाड़ का ठेका लेकर उसे लगवाने का काम करता था.
बहन अंजनी में बताया कि वह, कर्रही में रहने वाली बड़ी बहन राधा देवी के घर पर रहता था. वहीं अपना काम करता था. उसने आरोप लगाया कि गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में दूसरे पक्ष ने उसके भाई को डंपर से रौंदवा दिया.
परिजन ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की है जबकि थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया- घटनास्थल से मिले सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई. इसमें युवक नशे की हालात में एक डंपर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था. तभी डंपर के पहिए उसके ऊपर से निकल गए.
















Leave a Reply