UP में शिमला-नैनीताल से ज्यादा ठंड: पारा 4.7°C, गोशालाओं में लगे हीटर; 70 ट्रेनें- फ्लाइट्स लेट

Spread the love

UP में कड़ाके की ठंड और भीषण कोहरे का कहर जारी है. यहां सीजन में पहली बार पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया. पिछले 24 घंटे में सुल्तानपुर 4.7°C न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा. इसके बाद बाराबंकी में पारा 4.8°C, अयोध्या में 5°C, बरेली में 5.1°C और शाहजहांपुर में 5.5 °C रिकॉर्ड गया.

आज सुबह 28 जिलों में घना कोहरा छाया रहा. कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है. ज्यादातर शहरों में धूप नहीं निकली। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी. ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह पड़ीं। कुछ जगह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.

बड़ी बात यह कि शनिवार को प्रदेश के 17 जिलों में शिमला (11.8°C) और नैनीताल (9°C) से ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई. जालौन में शीतलहर को देखते हुए गौशालाओं में हीटर लगवाए गए हैं. अलाव भी जलाए जा रहे हैं. इस बीच मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर समेत पूरे अवध क्षेत्र के लिए अगले 2 दिन भीषण ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. अधिकतर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

कोहरे की वजह लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं. एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स लेट हैं. ठंड की वजह से पिछले दिनों से 11 शहरों में स्कूल बंद हैं. लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग भी बदली गई है.

सरकार भी अलर्ट मोड पर है. लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें. हाईवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट 60 से 80 के बीच कर दी गई है. किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन आलू, दलहन और मटर के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है.

लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-“आज से यूपी में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं. इसके असर से दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़त आएगी. साथ ही कोहरा भी कम हो सकता है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *