पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर की गुलाबी बिल्डिंग में शराब ठेके के विरोध में क्षेत्रीय जनता और आबकारी अधिकारियों के बीच भारी हंगामा और तीखी बहस हुई. स्थिति को संभालने के लिए एडीसीपी और एसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है. बर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित गुलाबी बिल्डिंग में चल रहे देशी व अंग्रेजी शराब के ठेके को लेकर क्षेत्रीय महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
मौके पर पहुंचे आबकारी विभाग के अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर तीखी बहस हुई. क्षेत्रीय महिलाओं और पुरुषों ने ठेके को वहां से हटाने की मांग को लेकर जबरदस्त नारेबाजी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
धरनास्थल पर जब आबकारी विभाग के अधिकारी वार्ता करने पहुंचे, तो क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए उनसे सीधा सवाल-जवाब किया. इस दौरान दोनों पक्षों में काफी देर तक नोकझोंक चलती रही. लोगों ने कहा कि गुलाबी बिल्डिंग जैसे व्यस्त क्षेत्र में शराब ठेके से अराजकता फैलती है और महिलाओं का निकलना दूभर हो गया है.
क्षेत्रीय महिला नीतू तिवारी ने बताया कि इस ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर महिलाएं पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. डीएम से क्षेत्रीय महिलाओं ने शिकायत की थी जिसके बाद डीएम ने 31 मार्च तक ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट करने के आश्वासन दिया था लेकिन डीएम की दी हुई तारीख निकलने के बाद महिलाओं ने में भारी रोष देखने को मिला है जहां बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर सड़कों पर उतर आईं और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
















Leave a Reply