उन्नाव में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से गुरुवार दोपहर स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई. महिला अपनी 6 साल की भतीजी के साथ बाजार गई थी.
रास्ते में ट्रक ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी. इससे महिला और उसकी भतीजी सड़क पर गिर गई. तभी ट्रक का पहिया महिला की गर्दन से गुजर गया. महिला का सिर हेलमेट समेत धड़ से अलग हो गया. हादसे में बच्ची बाल-बाल बची है लेकिन वह सदमे में है. मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है.

6 साल की बच्ची जारा हादसे में बाल-बाल बच गई लेकिन वह सदमे में है.
दवा लेने बाजार गई थी महिला: चिपियाना मोहल्ला निवासी फरहीन फातिमा (27) गुरुवार दोपहर स्कूटी से महरा चौराहा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने जा रही थीं। साथ में उनकी 6 साल की भतीजी जारा भी थी।
शेखपुर नहर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से फरहीन फातिमा सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रक के नीचे आ गईं।
फहरीन ने सेफ्टी के लिए हेलमेट लगा रखा था। लेकिन पहिया उनकी गर्दन के ऊपर से गुजर गया। इससे उनका सिर धड़ से कटकर हेलमेट समेत अलग हो गया।
हादसा इतना भयानक था कि हेलमेट कटे सिर से बाहर निकल आया। मौके पर ही फरहीन की मौत हो गई। जिसने भी यह मंजर देखा, वह कांप उठा। हादसे में भतीजी जारा ट्रक की टक्कर लगने के बाद उछलकर सड़क पर दूर जाकर गिरी। इससे वह बाल-बाल बच गई। मामूली चोटें आई हैं.

इसी स्कूटी से फरहीन फातिमा दवा लेने बाजार गई थी.
स्थानीय लोगों ने बच्ची को उठाकर शांत कराया: हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. बच्ची सड़क किनारे पड़ी रोए जा रही थी. लोगों ने गोद में उठाकर उसे शांत कराया.
घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे. फरहीन की लाश देखकर उसके जेठ लईक को कुछ सूझ नहीं रहा था. वह चीख रहे थे. वह कभी मृत पड़ी फरहीन की पीठ सहलाते तो कभी मदद की गुहार लगाते.
एक साल पहले हुई थी शादी, पति दुबई में रहते हैं: फरहीन फातिमा की शादी एक साल पहले ही हुई थी. उनके पति दिलशाद अहमद दुबई में नौकरी करते हैं. दिलशाद के दो भाई और दो बहन हैं. हादसे के बाद से बच्ची खौफ में है.

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई. जिसने भी हादसे का मंजर देखा, वह कांप उठा.
लोगों का कहना है कि इस सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गाड़ियों की स्पीड कंट्रोल करने और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी: सदर कोतवाली पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply