कानपुर किडनी कांड में 2 ओटी टेक्नीशियन गिरफ्तार, फ्लाइट से डॉक्टर संग पहुंचे थे कानपुर

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर पुलिस ने अवैध रूप से किडनी ट्रांसप्लांट केस में 2 और आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. ये दोनों आरोपी ओटी टेक्निशियन हैं। किडनी ट्रांसप्लांट वाले दिन दोनों आरोपी डॉक्टर के साथ फ्लाइट से किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली से कानपुर पहुंचे थे.

इसके बाद कैब से दिल्ली वापस गए. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. रावतपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को दलहन अनुसंधान केन्द्र के पास से गिरफ्तार किया है. टीम में शामिल डॉक्टर समेत अन्य की तलाश की जा रही है. जल्द ही अन्य डॉक्टरों को भी अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा.

ओटी टेक्नीशियन कुलदीप सिंह राघव और राजेश कुमार को कानपुर में दलहन क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया.

एक नोएडा और गाजियाबाद में काम करता: डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया- कल्याणपुर के आहूजा हॉस्पिटल में पकड़े गए अवैध किडनी ट्रांसपलंट में शामिल दो ओटी टेक्निशियन कुलदीप सिंह राघव और राजेश कुमार को अरेस्ट किया है.

राजेश गाजियाबाद का रहने वाला है और सर्वोदय हॉस्पिटल नोएडा में ओटी टेक्निशियन है वहीं, दूसरा ओटी टेक्निशियन कुलदीप सिंह राघव मूल रूप से हापुड़ के पिलखुआ का रहने वाला है. वह गाजियाबाद के शांति गोपाल हॉस्पिटल में ओटी टेक्निशियन है.

पूछताछ में दोनों ने बताया- किडनी केस में शामिल डॉ. रोहित हमें इस तरह के केस में अपने साथ शामिल करते थे. हम दोनों फ्लाइट से दिल्ली से कानपुर आए थे और किडनी ट्रांसप्लांट के बाद वहां से कैब से वापसी की थी. दोनों के साथ दिल्ली से फ्लाइट से एक डॉक्टर भी आया था, जिसके बारे में दोनों से पूछताछ की जा रही है.

प्रति ट्रांसप्लांट पर 35 से 50 हजार रुपए तक दिया जाता था: डीसीपी ने बताया- मेरठ, लखनऊ, दिल्ली और गाजियाबाद से इस रैकेट में शामिल कई अहम इनपुट मिले हैं. जल्द ही अवैध रूप से किडनी ट्रांसप्लांट में शामिल अन्य आरोपियों को भी अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा.

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों ओटी टेक्निशियन को प्रति ट्रांसप्लांट पर 35 से 50 हजार रुपए तक दिया जाता था. इसके साथ ही आने-जाने के लिए फ्लाइट की टिकट अगर फ्लाइट नहीं है तो कैब का किराया दिया जाता. इसके साथ ही होटल में ठहरने और खाने का पूरा खर्च डॉक्टर उठाते थे. दोनों को किस हॉस्पिटल पहुंचना है, उसकी लोकेशन और टाइम शेयर कर दी जाती थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *