आए दिन किसी-किसी बात पर अजब-गजब टिप्पणी करने वाले पूर्व सांसद और राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल वारसी इस बार एसपी पर भड़क उठे. उन्होंने कहा- यहां तो सब जानवर हैं, मरने दो.. एक दिन हम भी मर जाएंगे. तुम भोले सिंह के घर तेरहीं खाओ और गुडड्न सिंह के यहां गुलगुले. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें कि देवेन्द्र सिंह भोले अकबरपुर से सांसद हैं और गुडड्न सिंह उनके बहुत करीबी हैं. वारसी की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता भोले से चलती है.
ताजा मामला यह कि बाघपुर में ट्रक की टक्कर से एक कार क्षतिग्रस्त होने पर कार सवारों ने 26 वर्षीय ट्रक चालक रंजीत कुमार की पिटाई कर दी थी. मामले की जानकारी पुलिस को हुई तो वह उसे पकड़ ले गई. हालांकि ट्रक मालिक के पहुंचने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया और चालक को छोड़ दिया गया. रंजीत ने देर रात फांसी लगा कर जान दे दी. इससे आक्रोशित लोगों ने रोड जाम कर दी. हंगामे की सूचना पर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला व उनके पति पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी मौके पर पहुंच गए. यहां परिजनों से बात करने के कुछ देर बाद वह पुलिस की कार्यशैली को लेकर भड़क गए.
मौके पर एसपी श्रद्धा पांडेय के न आने पर पूर्व सांसद ने कहा कि आप गुड्डन सिंह के यहां होली खेलो, भोले सिंह के यहां तेरहवीं खाओ जाकर. यहां के लोग तो सब जानवर हैं, मरते हैं तो मरने दो.. एक दिन हम भी मर जाएंगे. होना तो ये चाहिए था कि मेरे आने के पहले एसपी को यहां होना चाहिए था. इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. 52 सेकेंड के इस वीडियो में पूर्व सांसद के टिप्पणी के दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला चुपचाप खड़ी रहीं. हालांकि मौके पर पहुंचे एएसपी राजेश पाण्डेय ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया.
















Leave a Reply