बर्रा सचान चौराहे पर आवारा कुत्तों ने युवती को काटकर लहूलुहान किया, अस्पताल में भर्ती

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में एक युवती पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. हमले से युवती सड़क पर गिर गई, जिसके बाद कुत्तों ने उसके होंठ को काट लिया और शरीर पर कई जगह जख्म कर दिए. युवती के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े, तब कुत्ते उसे छोड़कर भाग गये.

घटना में युवती के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए. स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी. जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. घटना 1 अप्रैल की शाम सचान गेस्ट हाउस चौराहा की है. पांच दिन बाद युवती की सर्जरी हुई, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई.

परिजनों का आरोप है कि घायल युवती को हैलट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने भर्ती करने से मना कर दिया. इसके बाद युवती के पिता ने कर्ज लेकर एक निजी अस्पताल में उसके होंठ की सर्जरी कराई.

ड्यूटी से आते समय कुत्ते ने नोंचा: बर्रा-6 ए-ब्लॉक में रहने वाली 20 वर्षीय युवती किदवई नगर स्थित एक टेक्सटाइल कंपनी में नौकरी करती है. साथ ही वह बीए की पढ़ाई भी कर रही है. सिलाई का काम करने वाले पिता संजय कुशवाहा ने बताया- मेरी बेटी 1 अप्रैल की शाम किदवई नगर स्थित अपने ऑफिस से घर लौट रही थी. सचान गेस्ट हाउस चौराहा साउथ में ऑटो बदलने के दौरान कुत्तों ने उसे दौड़ा लिया, जिससे वह गिर पड़ी. इस दौरान कुत्तों ने उसके होंठ को बुरी तरह काट लिया और शरीर पर कई जगह जख्म कर दिए.

हैलट हॉस्पिटल ने नहीं किया एडमिट: राहगीरों ने किसी तरह मेरी बेटी को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया और पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. साथ ही मुझे फोन पर सूचना दी। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और बेटी निकिता को हैलट अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उसे भर्ती करने से मना कर दिया गया. डॉक्टरों ने कहा कि पहले रैबीज का इंजेक्शन लगवाइए, इसके बाद ही इलाज संभव होगा. इसके बाद परिवार के लोगों ने उसे बर्रा-दो स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

मेरे पास बेटी की सर्जरी के लिए पैसे नहीं थे. कर्ज लेकर 5 अप्रैल को निजी अस्पताल में उसके होंठ की सर्जरी कराई. नगर निगम को अभियान चलाकर शहर के आवारा कुत्तों को पकड़ना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *