महाराजपुर में पारिवारिक विवाद में पत्नी की पीट-पीटकर ली जान, आरोपी पति फरार

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव में सोमवार को पारिवारिक कलह के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि पति ने पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

दोपहर में विवाद, शाम को वारदात: परिजनों के अनुसार, आरोपी हरिपाल पिछले करीब एक सप्ताह से शराब के नशे में घर में विवाद कर रहा था. बताया गया कि उसकी पत्नी रामदेवी ने एक सूअर पाल रखा था, जिसे हरिपाल ने चार दिन पहले बेच दिया और उसी पैसे से शराब पीकर घर में झगड़ा कर रहा था.

सोमवार शाम करीब 4 बजे रामदेवी अपनी बेटी राधा व अन्य लोगों के साथ खेतों में गेहूं काटने गई थी। राधा पास में गेहूं काट रही थी, जबकि रामदेवी खेत में लगी सब्जियों की निराई कर रही थी. आरोप है कि इसी दौरान अरहर के खेत में पहले से छिपे हरिपाल ने पीछे से आकर मोटे डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

शोर सुनकर आसपास के लोग और बेटी बचाने दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी महिला को गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गया.

अस्पताल ले जाते समय मौत: परिजनों ने गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल: मृतका के परिवार में दो बेटे—विनीत और मनीष तथा दो बेटियां—राधा और निधि हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतका का मायका महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुफुवार गांव में है. सूचना मिलते ही मायके पक्ष में आक्रोश फैल गया.

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी: महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि भेवली गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है.
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इसी डंडे से सिर पर प्रहार कर पत्नी को उतारा मौत के घाट.

एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे रामदेवी (38) खेत में काम कर रही थी, तभी उसके पति हरिपाल ने पीछे से डंडे से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *