गोविंदनगर में पेट्रोलियम अधिकारी बताकर दो सिलेंडर की टप्पेबाजी, घटना CCTV में कैद

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ने के बाद अब उनकी टप्पेबाजी शुरू हो गई है. टप्पेबाज खुद को पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी बता कर घर के अंदर घुसे और दो सिलेंडर बाइक पर रख कर निकल गए. टप्पेबाजी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की.

आरोपी बाइक पर दो सिलेंडर लेकर भागते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए. पुलिस बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है. मामला गोविंद नगर का है.

घर में महिला व 10 साल की बेटी थी: गोविंद नगर के चरन सिंह काॅलोनी निवासी कीर्ति वर्मा एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं. परिवार में भाई विजय, भाभी सरोजनी और 10 साल की भतीजी बिट्टी है. कीर्ति ने बताया कि सोमवार को वह रोजाना की तरह पढ़ाने के लिए स्कूल गई थीं. भाई काम पर चले गए। घर पर भाभी और 10 साल की भतीजी थीं. दोपहर करीब एक बजे दो युवक बाइक से आए और गेट खटखटाया.

गेट खोलने पर दोनों युवकों ने खुद को इंडियन ऑयल कारपोरेशन का अधिकारी बताया और बोले कि- आज कल सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है, जिसे रोकने के लिए वह चेकिंग करने आए हैं. इसके बाद घर के अंदर घुसे और किचन में जाकर गैस में लगा सिलेंडर का रेगुलेटर हटाकर बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे ने पास में रखा खाली सिलेंडर उठा लिया.

सिलेंडर की रसीद मंगाई, फिर हुए फरार: टप्पेबाज दोनों सिलेंडर घर के बाहर निकाल ले गए. एक सिलेंडर का वजन करने लगा, जबकि दूसरे ने गैस एजेंसी की रसीद लाने के लिए सरोजनी को कहा. सरोजनी कमरे में गईं, तब तक आरोपी दोनों सिलेंडर घर के बाहर ले गए. इसके बाद बाइक में सिलेंडर रख कर फरार हो गए। सरोजनी बाहर आईं तो दोनों नदारद थे.

टप्पेबाजी का अहसास होने पर उन्होंने मामले की जानकारी परिजनों को दी. मौके पर पहुंची गोविंद नगर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले दोनों युवक कैद हो गए. गोविंद नगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *