रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में एक स्कूल बस की चपेट में आने से 13 साल के छात्र आयुष की मौत हो गई. घटना खखरेड़ू थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. बकौल पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है.
आयुष की मौत के बाद दोस्त हमजा की घर में सदमे से मौत हो गयी. आयुष और हमजा दोनों सरस्वती ज्ञान मंदिर खखरेरू में कक्षा 8 के छात्र थे और गहरे मित्र थे. हमजा डिप्रेशन की बीमारी से ग्रसित था.
खखरेड़ू-दामपुर मार्ग पर बैरी-चकीया गांव के पास एक निजी कॉलेज की बस ने साइकिल से जा रहे छात्र आयुष पुत्र शंकर कोरी को कुचल दिया. बताया जा रहा है कि बस चालक आगे चल रही एक मोटरसाइकिल को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था.
ओवरटेक करते समय बस ने पहले मोटरसाइकिल को टक्कर मारी. इसके बाद चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और साइकिल सवार छात्र आयुष उसकी चपेट में आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र बस के नीचे करीब 13 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बस को रोक लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया लेकिन बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया.
मृतक आयुष खखरेड़ू कस्बे के सरस्वती ज्ञान मंदिर में कक्षा 8 का छात्र था. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. बस में सवार अन्य छात्रों को दूसरी बस से स्कूल भेजा गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
















Leave a Reply