पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र के रौगांव गांव में एक ओर जहां शराब की लत ने परिवार को संकट में डाल दिया, वहीं पुलिस ने मानवीय चेहरा दिखाते हुए मिसाल पेश की. पति द्वारा गैस सिलेंडर गिरवी रखने से भूखे रहने की नौबत आई, लेकिन पुलिस की मदद से परिवार को तुरंत राहत मिल गई.
गांव निवासी शबीना ने बताया कि वह किसी जरूरी काम से मायके गई थी। वापस लौटने पर जब वह बच्चों के लिए खाना बनाने किचन में पहुंची तो गैस सिलेंडर गायब मिला. पति से पूछने पर उसने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते 1200 रुपये में सिलेंडर गिरवी रख दिया. शराब की लत ने बिगाड़ी हालत शबीना के मुताबिक उसका पति शराब का आदी है और अक्सर इसी लत के चलते घर का सामान बेच देता है या गिरवी रख देता है. पहले भी वह दो बार गैस सिलेंडर बेच चुका है. इस बार तीसरी बार ऐसी हरकत से परिवार के सामने भूखे रहने की स्थिति बन गई.
बेबस महिला मकनपुर चौकी पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई. चौकी इंचार्ज विशाल शर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी जेब से 1200 रुपये दिए और सिपाही को भेजकर गिरवी रखा सिलेंडर छुड़वाया. साथ ही सिलेंडर में गैस भी भरवाई गई, जिससे परिवार को तुरंत राहत मिल सकी. आरोपी को दी सख्त हिदायत पुलिस ने महिला के पति को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी, साथ ही सिलेंडर रखने वाले दुकानदार को भी ऐसे मामलों से दूर रहने की हिदायत दी गई.
चौकी इंचार्ज ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत यह मदद की गई है. पुलिस का उद्देश्य है कि कोई भी परिवार भूखा न सोए. सिलेंडर वापस मिलने पर शबीना की आंखों में खुशी के आंसू आ गए. उसने पुलिस की इस मानवीय पहल के लिए आभार जताते हुए दुआएं दीं.















Leave a Reply