कानपुर के ककवन में एक निकाह में गोश्त को लेकर बराती-जनाती में विवाद हो गया. दुल्हन के चाचा व चचेरे भाई पर गोश्त बनाने वाले ने बर्तनों से हमला कर दिया जिसके बाद दूल्हे ने दुल्हन को तीन तलाक दिया.
ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार को निकाह कार्यक्रम में गोश्त खाने को लेकर बरातियों व जनातियों में मारपीट हो गई. एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं. बरातियों पर जनातियों के भारी पड़ने पर दूल्हे ने निकाह के मंच से ही दुल्हन को तीन तलाक दे डाला. इससे की देर रात तक गेस्ट हाउस में वर-वधू पक्ष में कहासुनी का दौर जारी रहा. मामले को लेकर बारात आए कई नशेबाज आपस में झगड़ भी गए, जिसे पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें शांत कराया. वधू पक्ष ने दूल्हे पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए दुल्हन की विदाई से इंकार कर दिया है.

बारामऊ गांव निवासी गुड्डू ने अपनी पुत्री निशा का निकाह बिल्हौर निवासी पप्पू के पुत्र फजल से तय किया था. शनिवार को ककवन रोड स्थित शुभम गेस्ट हाउस में पप्पू व उसका पुत्र गाजे बाजे के साथ बरात लेकर पहुंचे. निकाह की रस्म के बाद निशा-फजल जयमाल मंच पर पहुंचे तो कई बराती-जनाती खाना खाने लगे. इसी दौरान निशा के चाचा जमील व चचेरे भाई सलीम का बराती जीशान से लेग पीस व गोश्त खाने व डिब्बे में ले जाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. जमील व सलीम जब तक कुछ समझ पाते तब तक जीशान ने कई साथियों को बुलाकर कुर्सियों व वहां मौजूद बर्तन से हमला दिया. इससे पिता-पुत्र लहूलुहान हो गए.
उधर, बरातियों के मारपीट की सूचना जब दूल्हा फजल को मिली तो वह आग बबूला हो उठा और जयमाल मंच से ही दुल्हन को तीन तलाक दे डाला. इसके बाद निकाह में आए लोग दो पक्षों में बट गए ओर झगड़ा शुरू हो गया. झगड़े में पप्पू सहित तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं.
खबर लिखे जाने तक दूल्हा दुल्हन ले जाने को लेकर अपने ससुर सहित कई अन्य लोगों के पैर छूकर मिन्नते करता दिख रहा था. वहीं, दुल्हन की मां रेशमा ने बताया कि दूल्हे ने शरीयत के विरुद्ध काम किया है. अब वह अपनी पुत्री को विदा नहीं करेंगे और पुलिस कार्रवाई करेंगे.
उधर, इंसपेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, कई नशेबाजों को गेस्ट हाउस से हटाया गया था, अभी पुलिस को कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है.
















Leave a Reply