पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के नौबस्ता थाने में महिला की शिकायत पर सुनवाई न करने पर सोमवार दोपहर भाजपाइयों ने थाने का घेराव कर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने थाने के गेट पर चूड़ियां तोड़ी दीं. हनुमान चालीसा का पाठ किया.
सूचना पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी साउथ योगेश कुमार मौके पर पहुंचे और महिला की तहरीर पर मुकदमा और सुनवाई न करने वाले दरोगा पर कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद भाजपाई वापस लौट गए.
शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप: यशोदा नगर एस ब्लॉक निवासी महिला के मुताबिक वर्ष 2025 में उसका विवाह हुआ था. इसके बाद से ही पति का अत्याचार शुरू हो गया. आरोप है कि पति चाकू, बांका जैसै हथियार दिखा कर डराता. चूंकि सास-ससुर का पहले ही निधन हो चुका है तो पति के बुआ, फूफा से शिकायत की. उन्होंने भी पति का ही साथ दिया. आरोप है 20 मार्च को पति ने फिर मारपीट की.
जिस पर डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस पति को थाने ले गई, जहां उसने माफी मांग ली, हालांकि इसके बावजूद फिर अत्याचार शुरू कर दिया. आरोप है कि पुलिस भी रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही है.
डीसीपी ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश: इस पर वह सोमवार को भाजपाइयों के साथ नौबस्ता थाने पहुंची. पुलिस ने जब भाजपाइयों की नहीं सुनी तो सभी इंस्पेक्टर के ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद है. पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने से पहले सुलह का मौका देती है, लेकिन महिला रिपोर्ट दर्ज कराना चाह रही है, इस पर एफआईआर का निर्देश दे दिया गया है.
















Leave a Reply