पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के रामादेवी चौराहे पर मंगलवार रात तेज रफ्तार ऑटो ने दो युवतियों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो युवतियों के ऊपर ही पलट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं. चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया और ऑटो चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
सनिगवां निवासी अकबर खान ने बताया कि उनके चचेरे भाई के बेटे की शादी की तैयारियां चल रही हैं. इसी सिलसिले में उनकी पत्नी शबाना खान अपनी बेटियों समरा खान (22) और बुसरा खान (24) के साथ लालबंगला बाजार खरीदारी करने गई थीं.
खरीदारी के बाद वे ई-रिक्शा से रामादेवी चौराहे पहुंचीं और ऑटो का इंतजार कर रही थीं तभी अनियंत्रित ऑटो ने दोनों बेटियों को जोरदार टक्कर मार दी और उनके ऊपर पलट गया. गनीमत रही कि उनकी पत्नी शबाना खान मौके से हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं.
राहगीरों ने दिखाया साहस: हादसे के बाद युवतियों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई. राहगीरों ने तुरंत दोनों को ऑटो के नीचे से निकालकर कांशीराम अस्पताल पहुंचाया. वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद मां सहम गई हैं.
नशे में होने की चर्चा: घटना के बाद राहगीरों ने ऑटो चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया. मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा थी कि चालक नशे में था, जिसके कारण हादसा हुआ.
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपी ऑटो चालक से पूछताछ की जा रही है. तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply