पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के चौबेपुर कस्बे में मंगलवार रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया. बालाजी ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोर अंदर घुस गए और करीब तीन लाख रुपये कीमत की चांदी की तोड़िया, बिछिया और आर्टिफिशियल ज्वेलरी पार कर दी.
चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हालांकि कुछ फुटेज कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस खंगाल रही है.
दूसरी दुकान में चोरी का प्रयास नाकाम: किशनपुर निवासी गुड्डू शुक्ला की श्री सांवरिया ज्वेलर्स में भी चोरों ने शटर तोड़कर घुसने की कोशिश की, लेकिन किसी आहट के चलते वे चोरी किए बिना ही भाग निकले.
सुबह खुला घटना का राज: बुधवार सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो शटर टूटे मिले. इसके बाद दोनों दुकानदारों को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की.
अमिलिहा गांव में घर से नगदी चोरी: इसी रात अमिलिहा गांव में चोरों ने एक घर के बंद कमरे का ताला तोड़कर करीब 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली. घर मालिक कार्यक्रम में गए थे. लौटने पर सामान बिखरा मिला. चोर अपने साथ लाए कुछ पटाखे वहीं छोड़ गए.
किरायेदार होने के बावजूद वारदात: बताया गया कि घर के कुछ हिस्से में किरायेदार रहते हैं, जबकि एक कमरा बंद था. चोरों ने उसी कमरे को निशाना बनाया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी, गश्त पर सवाल: तीनों घटनाओं की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. एक ही रात में तीन चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत है और पुलिस गश्त की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं.
















Leave a Reply