कानपुर में नहर में पलटा ट्रैक्टर, ड्राइवर की मौत; साथी युवक 5 किमी सर्च के बाद भी लापता

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के सेन पश्चिम पारा और नौबस्ता थाना क्षेत्र की सीमा पर बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया. नौबस्ता से दलनपुर जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटा. हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठे एक युवक के बहने की आशंका जताई जा रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया.

नौबस्ता थाना क्षेत्र के दलनपुर निवासी 35 वर्षीय रामनाथ राजपूत ट्रैक्टर चला रहे थे. उनके साथ एक मजदूर भी सवार था. बताया जा रहा है कि नौबस्ता बंबा के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई.

हादसे में ट्रैक्टर का इंजन चालक रामनाथ पर पलट गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

5 किमी तक चला सर्च ऑपरेशन, युवक का सुराग नहीं: ट्रैक्टर पर सवार दूसरे युवक के नहर में बहने की आशंका है. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया. करीब 5 किलोमीटर तक नहर में तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका.

मौके पर डटे अधिकारी, जांच जारी: सेन पश्चिम पारा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और सर्च ऑपरेशन जारी है. उन्होंने कहा कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *