जाजमऊ की जूता फैक्ट्री में भीषण आग: जला 2 करोड़ का नया सेटअप, लगीं 7 फायर स्टेशनो की टीमें

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के जाजमऊ क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही देर में पूरी टेनरी को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें करीब 20 मीटर ऊंची उठती दिखीं. सूचना पर पहुंची दमकल की टीमों ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

वाजिदपुर स्थित एसएच इंटरनेशनल नाम की इस फैक्ट्री के मालिक नौशाद अहमद ने बताया कि उन्हें रात करीब 8 बजे आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी. उन्होंने 7 दिन पहले ही जूता फिनिशिंग का करीब 2 करोड़ रुपए का नया सेटअप लगाया था, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गया.

ग्राउंड फ्लोर पर लगा 95 लाख रुपए का जूता कटिंग यूनिट, 10 लाख से अधिक का चमड़ा और अन्य सामग्री भी आग की चपेट में आ गई. पहली मंजिल पर सोलिंग, फिनिशिंग और पैकिंग का करीब 30 लाख का सेटअप भी जल गया, जबकि ऊपरी मंजिल पर स्थित लैब और स्प्रे विभाग भी पूरी तरह जल गए.

7 फायर स्टेशनों की टीम, 23 बार पानी भरकर बुझाई आग: फायर अधिकारी राहुल नंदन के मुताबिक, जाजमऊ, मीरपुर, किदवई नगर, फजलगंज और पनकी समेत 7 फायर स्टेशनों की टीमों ने मिलकर आग बुझाई. इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण अतिरिक्त सतर्कता बरती गई. आईए टेनरी और बीमा अस्पताल से 23 बार पानी लाकर आग पर काबू पाया गया.

संकरी गलियों ने बढ़ाई मुश्किल, पाइप जोड़कर बिछानी पड़ी: स्थानीय लोगों के अनुसार, सूचना देने के करीब 35 मिनट बाद दमकल की गाड़ी पहुंची. हालांकि संकरी गलियों के कारण गाड़ियां फैक्ट्री तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे दमकलकर्मियों को लंबी पाइप लाइन जोड़कर बिछानी पड़ी.

आसपास की टेनरियों के कर्मचारियों ने भी शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी.

एक घंटे पहले लगती आग तो हो सकता था बड़ा हादसा: इलाके में रईस, विनोद ने बताया कि फैक्ट्री में रोजाना सैकड़ों मजदूर काम करते हैं और शाम 7 बजे के बाद ही छुट्टी होती है. यदि आग एक घंटे पहले लगती, तो बड़ा हादसा हो सकता था फायर विभाग ने फैक्ट्री के सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी तरह की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *