बर्रा में 25 हजार का इनामिया दीवान में छिपा मिला, बोला- दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बर्रा में स्कूल के बाहर छात्र को बंधक बनाकर पीटने और फिर उसके मुंह में पेशाब करने वाले 25 हजार के इनामी साहिल शर्मा उर्फ मुसीबत को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया. वह घर के मेनगेट में ताला लगाकर छिपा बैठा था, पुलिस जब ताला तोड़ कर अंदर घुसी तो आरोपी कमरे के अंदर दीवान में छिपा मिला.

आरोपी बीते वर्ष वरदान गैलेक्सी के पास पुलिस पर फायरिंग करने के आरोप में भी वांटेड था. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसका जुलूस निकाला, जिसमें उसने हाथ जोड़कर कहा कि आज के बाद ऐसी कोई गलती नहीं होगी.

पुलिस हिरासत में आरोपी साहिल

स्कूल के बाहर छात्र को पीटा था: डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बर्रा क्षेत्र में बीते दिनों एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में कल्याणपुर से सेक्स रैकेट में पकड़े गए यूट्यूबर रोहित वर्मा के साथ साहिल शर्मा उर्फ हिमांशु शर्मा उर्फ मुसीबत एक छात्र को बंधक बना कर पीट रहा था. इस दौरान साहिल उसके मुंह में पेशाब करता नजर आ रहा था. मामले में पुलिस पीड़ित छात्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही थी.

आरोपी के खिलाफ दर्ज है पांच मुकदमे: आरोपी पर बर्रा, गुजैनी, गोविंदनगर में पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में कानपुर समेत आसपास के जिलों की खाक छान रही थी, लेकिन वह मेनगेट में ताला लगाकर घर में छिपा बैठा था. पुलिस दबिश के लिए घर जाती तो मुख्य गेट पर ताला देख लौट आती.

इधर पुलिस को सूचना मिली कि साहिल उर्फ मुसीबत घर पर ही है, सिगरेट पीने छत पर जाता है. पुलिस मेनगेट का ताला तोड़ कर अंदर पहुंची, तो घर के चार अन्य कमरों के दरवाजों में ताला लगा मिला, पुलिस ने ताले तोड़ कमरे में रखे दीवान को खोला तो साहिल अंदर छिपा मिला जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

डीसीपी ने बताया कि आरोपी सेक्स रैकेट में जेल गए रोहित वर्मा का मुख्य साथी है. आरोपी साहिल पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी. डीसीपी साउथ ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाले टीम को 25 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *