पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के कल्याणपुर में गुरुवार दोपहर घर में घुसकर रिटायर लेक्चरर की पत्नी की हत्या कर दी गई. बदमाश ने माला से महिला का गला कसा, फिर गर्दन रेतकर हत्या की और घर से कैश और गहने लूट ले गए. लेक्चरर महज 40 मिनट के लिए दवा लेने को घर से बाहर निकले थे. घर लौटकर आए तो पत्नी का खून से सना शव जमीन पर पड़ा था. पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था.
आलमारियों के लॉकर टूटे मिले. सीसीटीवी में घर में एक भगवा गमछा ओढ़े हुए युवक दोपहर 1.16 बजे घुसता है. करीब 55 मिनट बाद 2.10 बजे वह निकला. युवक घर में जाते हुए तो खाली हाथ है, लेकिन लौटते समय हाथ में झोला लेकर निकला. घर के पास एक महिला का मूवमेंट भी दिखा है.
डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया- नौकरानी और दो एसी मैकेनिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड ने भी सबूत जुटाए हैं. जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड और लूटपाट की वारदात का खुलासा किया जाएगा.
30 मिनट में गला रेतकर मर्डर और लूटपाट: कल्याणपुर में आवास विकास-1 में मकान नंबर एच-1624 में हरेंद्र कुमार सिंह (60) परिवार के साथ रहते हैं. हरेन्द्र ने बताया कि अभी बीते 31 मार्च को ही आचार्य नगर के भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज से रिटायर हुए हैं.

घर में पत्नी निर्मला सिंह (53) और तीन बच्चे बेटी पूजा, प्राची और बेटा प्रसून हैं. दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और बेटे का बीटेक फाइनल ईयर कंप्लीट होने के बाद हैदराबाद की एक मल्टीनेशनल कंपनी में प्लेसमेंट हो गया है. इस वजह से घर में हरेंद्र, पत्नी निर्मला सिंह के साथ रहते थे.
हरेंद्र ने बताया- गुरुवार दोपहर मैं दवा लेने के लिए बाहर से गेट का कुंडा लगाकर गया था. करीब आधे घंटे बाद घर लौटे तो दरवाजा खुला था. पत्नी निर्मला का नाम लेते हुए कहा कि दरवाजा क्यों खोल दिया है. घर के भीतर गया तो दंग रह गए. पत्नी का खून से सना शव जमीन पर पड़ा था. पूरे घर का सामान बिखरा था. आलमारियों का लॉकर टूटा था. शोर मचाते हुए बाहर निकले और मोहल्ले के लोगों के साथ ही पुलिस को सूचना दी.
सूचना पर एडीसीपी वेस्ट, कल्याणपुर थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंचे. जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.
भगवा गमछा ओढ़कर घुसे बदमाश ने की वारदात: डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया- पड़ोस में लगे एक सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि घर में एक भगवा गमछा ओढ़े हुए युवक दोपहर 1 बजकर 16 मिनट पर अंदर गया। करीब 55 मिनट बाद 2:10 बजे निकला. इस दौरान एक महिला का भी मूवमेंट घर पर मिला है.
युवक घर में जाते हुए तो खाली हाथ है, लेकिन लौटते समय हाथ में झोला लेकर निकला. गमछा ओढ़े होने के चलते उसकी पहचान नहीं हो पा रही है. सर्विलांस टीम को भी खुलासा करने में लगाया गया है. जांच के दौरान कई अहम इनपुट मिले हैं. जल्द ही लूटपाट के लिए महिला की जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा.
नौकरानी और एसी सर्विस वाले को उठाया: डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया- जांच के दौरान सामने आया कि वारदात से महज 30 मिनट पहले ही नौकरानी घर से निकली थी. आज ही घर पर एसी की सर्विस करने के लिए भी दो मैकेनिक आए थे. नौकरानी और दोनों एसी मैकेनिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
इसके साथ ही घर आने-जाने वालों की लिस्ट जुटाकर सभी से बारी-बारी से पूछताछ की जा रही है. देखा जा रहा है कि आखिर वारदात के वक्त नौकर और उनके परिवार के लोग कहां पर थे. डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान उन्हें कई सुराग मिले हैं. जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड और लूटपाट की वारदात का खुलासा किया जाएगा.
29 अप्रैल को भतीजी की शादी में जाना था कोलकाता: हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को उन्हें पत्नी के साथ भतीजी की शादी में कोलकाता जाना था, इसी की तैयारी में जुटे थे। दवा लेने के लिए घर से 800 मीटर की दूरी पर मेडिकल स्टोर गए थे. महज 30 से 45 मिनट में लौटकर आए तो सबकुछ खत्म हो चुका था.
मां के मर्डर की जानकारी मिलते ही तीनों बच्चे कानपुर के लिए रवाना हुए. जानकारी के बाद मोहल्ले के लोगों ने बुजुर्ग हरेंद्र को संभाला, पत्नी की हत्या के बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ गई.
















Leave a Reply