हमीरपुर के मौदहा में ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत: चालक की मौत; खलासी गंभीर घायल

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर के मौदहा में गुरुवार देर शाम दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना कोतवाली क्षेत्र के नरायच गांव के पास हुई.

पुलिस के अनुसार, ट्रक संख्या यूपी 91T4979 कबरई की दिशा में जा रहा था, वहीं ट्रक संख्या यूपी 32 KN 0887 कबरई से गिट्टी लादकर कानपुर की ओर आ रहा था. नरायच गांव के पास पहुंचते ही दोनों ट्रकों में भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक व खलासी अंदर फंस गए.

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला. इस दौरान कबरई की ओर जा रहे ट्रक के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी. मृतक की पहचान अयोध्या निवासी 24 वर्षीय ऋषि के रूप में हुई है.

दूसरे ट्रक का खलासी धर्मेंद्र, जो नरायच गांव का निवासी है, गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. हादसे के कारण राजमार्ग पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *