पुनीत शुक्ला, कानपुर।
ई-कामर्स कंपनी सिटीमाल के आनलाइन वॉलेट खाते में सेंधमारी करके ओटीपी डालकर बीते छह माह में करीब 1.50 करोड़ रुपये पार करने वाले दो डिलीवरी ब्वाय को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आडिट के बाद हुए हेरफेर में मामला पकड़ में आने पर कंपनी के सह-संस्थापक काकादेव थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी.
जिसके बाद सर्विलांस टीम ने जांच शुरु की तो पूरी घटना का खुलासा हुआ. आरोपियों ने रुपयों से कानपुर देहात के माती में एक प्लाट, कार लेने के साथ ही पत्नी और प्रेमिका के खातों में लाखों रुपये डाले. इतना ही नहीं आरोपियों ने करीब 40 लाख रुपये का सट्टा भी खेला. पुलिस इस नेटवर्क में शामिल लोगों की तलाश में जुटी है.
कंपनी के सह-संस्थापक ने काकादेव में कराई थी FIR: डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि ई-कामर्स कंपनी सिटीमाल के सह-संस्थापक लखनऊ निवासी वरुण रमन ने तहरीर देते हुए कहा कि कंपनी के आनलाइन वॉलेट खाते से करीब 1.50 करोड़ रुपये पार हो गए हैं. इस पर कार्रवाई करते हुए सर्विलांस और साइबर टीम को लगाया गया.
जिसमें पता चला कि रावतपुर गांव के विशाल कनौजिया और मथुरा नगर के राहुल कुशवाहा ने कंपनी के डिलीवरी ब्वाय के रूप में काम करते हुए कंपनी के आनलाइन वॉलेट खाते का ओटीपी हासिल किया था. इस दौरान उन्होंने छह माह में खाते से 1.50 करोड़ रुपये पार कर दिए. यह रकम विशाल ने अपनी पत्नी ज्योति और प्रेमिका के खातों में ट्रांसफर की. ज्योति के खाते में 40 लाख, प्रेमिका के खाते में 38 लाख, कानपुर देहात के माती में एक प्लाट खरीदने के साथ ही एक कार भी खरीदी.
इतना नहीं दोनों ने इस रकम से 40 लाख रुपये का सट्टा भी खेला जो हार गए. पुलिस ने पनकी स्थित वेयरहाउस के पास से दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से लैपटाप, टैबलेट 49 हजार रुपये कार और जेवरात भी बरामद किए है. पुलिस इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है.
















Leave a Reply