नौबस्ता में दो डंपरों में भिड़ंत, 2 सगे भाइयों की मौत; 3 घंटे तक केबिन में फंसे रहे

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के नौबस्ता एलिवेटेड पुल पर शनिवार सुबह खराब खड़े मौरंग लदे डंपर में पीछे से आ रहा डंपर जा घुसा. हादसे में कालपी के छौंक निवासी सगे भाई 27 वर्षीय कमलकांत और 25 वर्षीय दीपक की मौत हो गई वहीं, हादसे के चलते करीब दो किमी तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद केबिन में फंसे सगे भाइयों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू हुआ. करीब तीन घंटे तक जिंदगी के लिए लड़ते हुए दोनों भाइयों ने दम तोड़ दिया. बाद में दो क्रेन की मदद से मौरंग लदे दोनों डंपर को आगे पीछे खींचने के बाद उनके शवों को बाहर निकाला जा सका.

सुबह 4:30 बजे हुआ हादसा: जालौन के कदौरा निवासी डंपर मालिक आमिश जमा के भाई अमन के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे आखिरी बार दीपक से बात हुई थी. उसने बताया था कि वह नौबस्ता पहुंचने वाले हैं, जिसके बाद आधे घंटे बाद उसने हादसे की जानकारी हुई. अमन के मुताबिक कालपी से मौरंग लादकर दीपक और उसका भाई कमलकांत उन्नाव के लिए डंपर लेकर निकले थे. इधर, हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूसरे वाहन चालकों की मदद से केबिन में फंसे भाइयों को निकलने का प्रयास शुरू किया.

दो क्रेनों ने सगे भाइयों को निकाला: बुरी तरह से केबिन में फंसे दोनों भाई मदद के लिए गुहार लगाते रहे. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद भी दोनों भाईयों ने नहीं निकाला जा सका, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर दो क्रेनें मंगवाई और फिर दोनों मौरंग लदे डंपर को आगे पीछे करके हटाया गया. इसके बाद केबिन खींचकर दोनों को भाइयों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिंदगी के लिए लड़ते-लड़ते हुए आखिरकार दम तोड़ दिया.

पुलिस ने एबुलेंस की मदद से दोनों भाइयों के शवों को पोस्मार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद हाइवे कर्मचारियों की मदद से पुल पर फैली मौरंग हटवाने के बाद यातायात सुचारू कराया गया. वहीं, सगे भाईयों की मौत की सूचना से घर पर कोहराम मच गया.

हनुमंत विहार थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि खड़े डंपर में मौरंग लदे डंपर के घुसने से हादसा हुआ है. केबिन में फंसे सगे भाइयों के शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिवार वालों को भी सूचना दे दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *