कानपुर PSIT में फिर बवाल: 20 हजार की सिक्योरिटी मनी पर भड़के छात्र, नारेबाजी-प्रदर्शन

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के भौंती स्थित प्राणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (पीएसआईटी) में सिक्योरिटी मनी के नाम पर 20 हजार रुपये अतिरिक्त जमा कराने की मांग को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया. फीस के साथ अतिरिक्त राशि लिए जाने की जानकारी मिलते ही सैकड़ों छात्र कैंपस की सड़कों पर उतर आए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

छात्रों का आरोप था कि यह राशि अटेंडेंस के नाम पर ली जा रही है. उन्हें बताया गया कि यदि 90 प्रतिशत से कम उपस्थिति रही तो यह रकम जब्त कर ली जाएगी. इस फैसले से छात्रों में भारी नाराजगी फैल गई और देर रात तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा.

मौके पर पहुंची पुलिस: हंगामे की सूचना मिलने पर सचेंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. डीसीपी पश्चिमी एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि छात्रों ने फीस में 20 हजार रुपये की बढ़ोतरी का विरोध किया था. कॉलेज प्रशासन का कहना था कि यह रिफंडेबल अमाउंट है, जो 90 प्रतिशत अटेंडेंस पूरी होने पर वापस कर दिया जाएगा, जबकि कम उपस्थिति होने पर राशि जब्त कर ली जाएगी.

फैसला लिया गया वापस: डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने कॉलेज प्रशासन और छात्रों दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया. फिलहाल कॉलेज प्रशासन ने इस फैसले को वापस ले लिया है. सभी पक्षों से चर्चा के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा. पीएसआईटी के ग्रुप डायरेक्टर प्रो. मनमोहन शुक्ला ने बताया कि अभी इस निर्णय को स्थगित कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *