पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां पर बारात से वापस हो रही एक ईको वैन और डंपर की भिड़ंत हो गई. उसके ठीक बाद एक के बाद एक 6 और गाड़ियां टकरा गईं. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकालकर पतारा सीएचसी पहुंचाया वहां डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार कर सभी को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है.
इस दौरान हाइवे पर लगभग 20 किलो मीटर जाम लग गया. पुलिस हाइवे पर डायवर्जन लागू कर यातयात बहाल कराने का प्रयास कर रही है. हादसा घाटमपुर क्षेत्र में हुआ. घायलों को रेस्क्यू करके के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज के हाथ में चोट आई है.
कानपुर देहात के मूसेपुर से बारात मंगलवार को घाटमपुर थाना के उमरी गांव गई थी. बुधवार सुबह बारात वापस कानपुर देहात लौट रही थी. रास्ते में घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बा स्थित तिलसड़ा मोड़ के पास बारातियों से भरी ईको वैन मोड़ पर बंद हो गई. इसके बाद वह पीछे की तरफ लुढ़कने लगी. इसी दौरान घाटमपुर की ओर से गिट्टी लद डंपर आ रहा था.
उसने वैन में पीछे से टक्कर मार दी. उसमें सवार बारात के 7 लोग घायल हो गए. जब तक वह संभल पाते, तब तक पीछे से आ रहीं बारातियों से भरी तीन गाड़ियां और एक डीसीएम भी टकरा गई. इस हादसे में अलग-अलग गाड़ियों के ड्राइवर और कार सवार सहित कुल 16 लोग घायल हो गए.
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पतारा चौकी पुलिस एनएचआई की पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाल कर पतारा सीएचसी पहुंचाया. डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार कर सभी 16 घायलों को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
हाइवे पर 20 किलो मीटर लगा लगा: पतारा में सड़क हादसा होने के बाद कानपुर-सागर हाइवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. यहां पर हमीरपुर की ओर जहांगीराबाद तक और कानपुर की ओर बिधनू तक जाम लग गया. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद घाटमपुर पुलिस ने एनएचआई की क्रेन और जेसीबी की मदद से हाइवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाया.

इसमें पुलिस को करीब 3 घंटे लग गए। इस दौरान हमीरपुर की ओर घाटमपुर चौराहे से और कानपुर की रमईपुर चौराहे से रूट डायवर्जन करके हाइवे पर यातयात बहाल कराया है.
हादसे में यह लोग घायल हुए: हादसे में प्रांशु शुक्ला (20) पुत्र हरि ओम शुक्ला मूसानगर, आशीष शर्मा (20) पुत्र राजेश शर्मा, खुशीराम (50) पुत्र मेवालाल निवासी घाटमपुर, रुद्र (30 ) पुत्र संतोष कुमार मूसानगर, नरेश (40) निवासी मूसेपुर, मोहित (40) पुत्र राकेश निवासी मूसेपुर, प्रदीप (40) पुत्र श्रीकृष्ण निवासी मूसेपुर, सागर (14) पुत्र राजेश कुमार, राजेश (40) निवासी मूसेपुर, मनोज कुमार (45) पुत्र गंगा प्रसाद निवासी मूसेपुर, रामबाबू, हसीम (45) निवासी बारादौला, सारनाथ (45) पुत्र रामप्रकाश निवासी रेऊना, जयराम (50) पुत्र सिंधु लाल निवासी अकबरपुर, अजय कुमार (45) पुत्र राम सागर निवासी मूसापुर, सलमान (45) पुत्र अहमद निवासी बाराबंकी सभी को पतारा सीएचसी से कानपुर जिलास्पताल रेफर किया गया है. कुछ घायल निजी अस्पताल चले गए.
चौकी इंचार्ज चोटहिल, हाथ में आई चोट: सड़क हादसे में वैन में फंसे घायलों को सुरक्षित बहार निकालने के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज ललित शर्मा के हाथ में चोट आई है. चौकी इंचार्ज ललित शर्मा ने बताया कि घायल को निकालते समय ओमिनी वैन की लोहे की चद्दर से उनके हाथ में चोट आई है. उन्होंने अपना उपचार पतारा सीएचसी में कराया है.
एसीपी बोले- घायलों को अस्पताल पहुंचाया: घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी. हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. कानपुर-सागर हाइवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाकर हाइवे पर यातयात बहाल कराया गया है. तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply