कानपुर में डंपर से टक्कर के बाद मजदूरों से भरी बस नहर में गिरी, सभी 21 को रेस्क्यू किया

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. मजदूरों से भरी एक प्राइवेट बस डंपर से टकराने के बाद बेकाबू होकर नहर में जा गिरी. मौके पर चीख-पुकार मच गई. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. कुछ मजदूर घायल हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

बस में सवार सभी मजदूर रानियां स्थित एक फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार बस की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे नहर में जा गिरी.

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी बस के नहर में गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव काम शुरू कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.

21 मजदूरों का रेस्क्यू, कई घायल पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला. घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि कई को मामूली चोटें आई हैं.

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर है. क्रेन की मदद से बस को निकाला जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *