कानपुर में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता के बीच केस्को ने राहत भरी जानकारी दी है. शहर में लगाए गए स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को अब पोस्टपेड में बदला जाएगा. केस्को की एमडी नेहा जैन ने बताया कि मई के महीने में स्मार्ट मीटर आटोमैटिक ही पोस्टपेड में परिवर्तित हो जाएंगे.
शहर में करीब 7 लाख बिजली उपभोक्ता हैं. इनमें अब तक 1 लाख 61 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि लगभग 1 लाख 31 हजार मीटर फिलहाल प्रीपेड मोड में संचालित हो रहे हैं. स्मार्ट मीटरों को लेकर बढ़ते विरोध के बाद सरकार ने नए स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर रोक लगा दी थी. साथ ही पहले से लगे मीटरों को पोस्टपेड प्रणाली में बदलने का निर्णय लिया गया है.
प्रीपेड मीटर की शिकायत को प्राथमिकता: नेहा जैन ने बताया कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है. किसी भी स्मार्ट प्रीपेड मीटर का बिजली कनेक्शन एक महीने तक नहीं काटा जाएगा. इसके अलावा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं और शहर में 8 हेल्पडेस्क भी संचालित की जा रही हैं.
बैलेंस सम्बंधी शिकायत पर चेक मीटर से जांच: नेहा जैन ने बताया कि कई उपभोक्ताओं की शिकायत मिली थी कि रिचार्ज कराने के बाद भी स्मार्ट मीटर में बैलेंस निगेटिव दिख रहा है. ऐसे मामलों में चेक मीटर के जरिए जांच कराई जा रही है और समस्या का त्वरित समाधान किया जा रहा है.
➤रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि बिजली इस्तेमाल करने के बाद हर महीने बिल आएगा.
➤सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब पोस्टपेड बनेंगे, उपभोक्ताओं को अब पहले से पैसा जमा (रिचार्ज) नहीं करना पड़ेगा.
➤मई 2026 की बिजली का बिल जून 2026 में आएगा यह बिल पोस्टपेड सिस्टम के तहत जारी होगा.
➤बिल SMS और WhatsApp पर मिलेगा, उपभोक्ताओं को मोबाइल पर ही बिजली बिल भेजा जाएगा.
➤हर महीने 10 तारीख तक बिल जारी होगा, अगर ऑटोमैटिक रीडिंग नहीं मिलती है तो मैनुअल रीडिंग लेकर बिल बनाया जाएगा.
➤मोबाइल नंबर अपडेट होना जरूरी, जिन उपभोक्ताओं का नंबर गलत या दर्ज नहीं है, उन्हें बिल मिलने में दिक्कत हो सकती है।
➤वॉट्सऐप से भी बिल मिलेगा, केस्को का वॉट्सऐप नंबर: 8287835233, यहां संयोजन संख्या भेजकर बिल प्राप्त किया जा सकता है।
➤शिकायत और जानकारी के लिए हेल्पलाइन, हेल्पलाइन: 1912, टोल फ्री नंबर: 1800-410-1912
➤स्मार्ट मीटर शिकायतों के लिए अलग हेल्पडेस्क, शिकायतों का जल्दी समाधान करने की व्यवस्था की गई है.
➤नए बिजली कनेक्शन भी पोस्टपेड मोड में मिलेंगे, अब नए स्मार्ट मीटर सीधे पोस्टपेड सिस्टम पर दिए जाएंगे.
➤सिक्योरिटी मनी 3 किश्तों में ली जाएगी, बनने के बाद तय सुरक्षा धनराशि अगले बिलों में 3 बराबर किश्तों में जुड़ जाएगी.
➤बिल भरने के लिए 15 दिन का समय मिलेगा, Due Date के बाद 7 दिन अतिरिक्त रहेंगे, फिर कनेक्शन काटा जा सकता है.
➤समय पर बिल न भरने पर लेट फीस लगेगी, बिजली विभाग के नियमों के अनुसार विलंब अधिभार देना होगा.
➤घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 30 अप्रैल 2026 तक का बकाया 10 किश्तों में जमा किया जा सकेगा.
अब उपभोक्ता समस्या के समाधान पर फीडबैक भी देंगे: केस्को ने बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण पर ऑनलाइन फीडबैक लेने की व्यवस्था भी शुरू की है. शिकायत का समाधान होने के बाद उपभोक्ताओं को फोन कर जानकारी ली जा रही है कि उनकी समस्या तय समय में हल हुई या नहीं. बिल संशोधन समेत अन्य मामलों में भी उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी देने की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी तरह का कम्युनिकेशन गैप न रहे.
















Leave a Reply