बिधनू हादसे में लापता चालक का शव बरामद, 21 मजदूरों की बस रामगंगा नहर में गिरी थी

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मजदूरों से भरी बस के डंपर से टकराकर रामगंगा नहर में गिरने के मामले में नया मोड़ सामने आया है. हादसे के बाद फरार बताए जा रहे बस चालक का शव शनिवार को साढ़ थाना क्षेत्र के दरगाही लाल नहर पुल के पास बरामद हुआ. परिजन गुरुवार शाम से उसकी तलाश कर रहे थे.

दो दिन पहले बिधनू कस्बा स्थित नहर पुल के पास तेज रफ्तार डंपर से टक्कर के बाद बस नहर में जा गिरी थी हादसे में करीब 21 मजदूर घायल हुए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई थी. ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया था.

मृतक चालक इंद्रपाल

तलाश में जुटे परिजन: मृतक चालक की पहचान इंद्रपाल (65) निवासी हंसपुरम, थाना नौबस्ता के रूप में हुई है. बेटे अनूप सिंह ने बताया कि पिता गुरुवार शाम तक घर नहीं पहुंचे. सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो देखने के बाद वह बिधनू थाने पहुंचे और पुलिस को उनके लापता होने की जानकारी दी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया. इसके बाद परिवार के लोग खुद नहर किनारे उनकी तलाश में जुट गए.

शनिवार दोपहर दरगाही लाल नहर पुल के पास परिजनों को एक शव दिखाई दिया, जिसकी पहचान इंद्रपाल के रूप में हुई. सूचना पर साढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान चालक को बस से कूदते हुए देखा गया था. आशंका जताई जा रही है कि वह सड़क पर गिरने के बजाय सीधे नहर में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई. माना जा रहा है कि यदि वह बस के भीतर ही रहता तो अन्य मजदूरों की तरह उसकी जान बच सकती थी.

मामले में साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *