हमीरपुर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से जीजा-साले की मौत, वाहन चालक फरार

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह हादसा बिवांर थाना क्षेत्र के छानी गांव के पास हुआ. मृतकों की पहचान लालपुरा थाना क्षेत्र के स्वासा खुर्द निवासी श्रीचंद्र और कानपुर देहात के डेरापुर निवासी 32 वर्षीय विवेक के रूप में हुई है. ये दोनों रिश्ते में ममेरे जीजा-साले थे और बाइक से छानी की ओर जा रहे थे. शाम करीब पांच बजे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही बिवांर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों की शिनाख्त की और उनके परिजनों को सूचित किया. इसके बाद, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *