हमीरपुर में गुरुवार सुबह एक डंपर चालक ने RTO की कार्रवाई से बचने के लिए बेतवा पुल के पास नेशनल हाईवे पर मौरम पलट दी. इससे हाईवे NH-34 पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने जेसीबी की मदद से मौरम हटवाकर यातायात बहाल किया.

दरअसल, हमीरपुर में परिवहन विभाग, खनिज विभाग और पुलिस द्वारा ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. गुरुवार सुबह चेकिंग की जानकारी मिलते ही डंपर चालक ने अवैध रूप से लदी मौरम को हाईवे पर पलट दिया और कार्रवाई से बचने के लिए मौके से फरार हो गया.

टू-लेन हाईवे पर मौरम गिराए जाने से कुछेछा से लेकर लक्ष्मीबाई तिराहे तक दोनों ओर लंबा जाम लग गया. इस जाम में मालवाहक वाहनों के साथ-साथ बसें और कारें भी फंस गईं, जो लगभग तीन घंटे तक धीमी गति से चलती रहीं. बसों में फंसे कई यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल ही निकल पड़े. हाईवे पर मौरम के कारण लगे जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मौरम को हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया.
















Leave a Reply