फतेहपुर के बिंदकी में बेटे और बहू को गोली मारने वाला हत्यारा पिता गिरफ्तार

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में अपने बेटे की गोली मारकर हत्या करने और बहू को घायल करने के आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी रामविलास उर्फ रामखेलावन वर्मा (65) को शुक्रवार को बिंदकी बस स्टैंड से दोनाली बंदूक और कारतूसों के साथ पकड़ा गया.

यह घटना बुधवार सुबह पारिवारिक विवाद के चलते हुई थी. रामविलास ने अपनी दोनाली बंदूक से अपने पुत्र अवनीश वर्मा और बहू प्रियंका उर्फ मनीषा वर्मा पर फायर कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अवनीश वर्मा की बुधवार को ही कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि बहू प्रियंका की हालत स्थिर बताई जा रही है. इस मामले में मृतक अवनीश वर्मा के साले प्रदीप कुमार ने रामविलास वर्मा उर्फ रामखेलावन वर्मा, सास मिथिलेश कुमारी, देवर मनीष और मनीष की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. घटना के बाद से आरोपी रामविलास फरार था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी.

पुलिस ने आरोपी रामविलास उर्फ रामखेलावन वर्मा को बिंदकी कस्बे के बस स्टैंड से गिरफ्तार किया. उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई दोनाली बंदूक, 12 बोर के दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया है.

पुलिस पूछताछ में आरोपी रामविलास ने बताया कि उसका बेटे अवनीश और बहू के साथ पारिवारिक मनमुटाव रहता था. कुछ दिन पहले उसकी पत्नी का पैर फ्रैक्चर हो गया था, जिसके इलाज और देखभाल में बेटे-बहू द्वारा कोई सहयोग नहीं किया जा रहा था. इसी बात को लेकर बुधवार को गंभीर विवाद और झगड़ा हुआ. घरेलू कलह से क्षुब्ध होकर और अत्यधिक आक्रोश में आकर उसने लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से बहू और बेटे पर फायर कर दिया. उसे बाद में पता चला कि बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई है.

घटना के बाद वह बंदूक को कमरे में छिपाकर कानूनी कार्रवाई के डर से साइकिल लेकर भाग गया था. वह गिरफ्तारी से बचने के लिए रिश्तेदारी में जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *