फतेहपुर में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली; साथी फरार

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर जिले में शुक्रवार सुबह कल्यानपुर थाना पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा. घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. मौके से पुलिस ने एक बोलेरो वाहन, अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है.

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बिंदकी रोड स्थित दादन खेड़ा मोड़ के पास हुई. पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी बोलेरो सवार बदमाशों से आमना-सामना हो गया. खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वांछित और हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त शाहनवाज उर्फ साहिल के बाएं पैर में गोली लग गई.

घायल शाहनवाज प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के विसहिया गांव का निवासी है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है.

मुठभेड़ के दौरान शाहनवाज का साथी फिरोज, निवासी करारी थाना क्षेत्र, कौशांबी, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं.

पुलिस ने शाहनवाज के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बोलेरो वाहन, एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,000 रुपए नकद बरामद किए हैं.

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शाहनवाज उर्फ साहिल कल्यानपुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 131/2026 और 136/2026 में वांछित चल रहा था. उसके खिलाफ फतेहपुर समेत अन्य जिलों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कर रही है.

कल्यानपुर थाना पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *