शादी कराने की आड़ में ठग गैंग का खुलासा, कॉल सेंटर की लड़कियां दुल्हन बनकर ऐसे फंसाती

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर कल्याणपुर थाने की पुलिस और साइबर सेल ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर मैट्रीमोनियल साइट की आड़ में देश भर के हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. यह गैंग फर्जी मेट्रीमोनियल साइट बनाकर लोगों को एआई जेनरेटेड सुंदर और आकर्षक लड़कियों की फोटो भेजकर उनसे रजिस्ट्रेशन से लेकर बातचीत कराने के नाम पर ठगी कर रहा था.

यहां हकीकत में तो कोई दुल्हन नहीं थी, कॉल सेंटर की लड़कियां ही दुल्हन बनकर रोजाना सैकड़ों लोगों को शादी के सपने दिखाकर मीठी-मीठी बातें करती और सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाकर ठगी करती थीं.

पुलिस ने रेड मारी तो खुद दंग रह गई. जांच में सामने आया कि ये गैंग अधेड़ उम्र के लोगों को टारगेट करता और फिर झांसे लेकर ठगी करते थे. एक अनमैरिड युवती अपने दो साथियों के साथ इस गैंग को चल रही थी. पुलिस ने तीनों को अरेस्ट कर लिया है। अब उनके बैंक अकाउंट समेत अन्य की जांच में जुटी है. पुलिस ने मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खुलासा किया है.

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने मंगलवार दोपहर को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मैट्रीमोनियल साइट की आड़ में ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया. डीसीपी वेस्ट ने बताया कि उन्हें एनसीआरपी पोर्टल से इनपुट मिला कि कल्याणपुर आवास विकास कैलाश विहार के एक अपार्टमेंट में गतिविधियां संदिग्ध हैं। यहां से कानपुर के साथ ही यूपी के कई जिलों और राज्यों में कॉलिंग की जा रही है। पुलिस ने रेड की तो सामने आया कि यहां पर “Online Match Point” नाम से फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है.

पुलिस ने सरगना ईडब्ल्यूएस आवासा विकास-3 कल्याणपुर में रहने वाली श्याम नारायण त्रिवेदी की अनमैरिड बेटी अनुराधा त्रिवेदी, जनता नगर बर्रा-3 निवासी विक्रम खूटे और पुराना शिवली रोड कल्याणपुर निवासी प्रियंका को अरेस्ट कर लिया. इसके साथ ही कॉल सेंटर में काम कर रही 15 लड़कियों से भी पूछताछ शुरू की. जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ और पुलिस अफसर भी दंग रह गए.

कॉल सेंटर में काम करने वाली लड़कियों को रोजाना शादी के इच्छुक 100 से 150 लोगों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए जाते थे. ये लड़कियां उनसे मैट्रीमोनियल साइड की टेलीकॉलर बनकर बात करती और फिर उन्हें कैसी लड़की से शादी करना चाहते हैं, उनकी डिमांड पूछती थीं. इसके बाद उनकी डिमांड के आधार पर एआई जनरेटेड फोटो तैयार करके चार से छह तस्वीरें भेजती और फिर रजिस्ट्रेशन से लेकर बात करने और मीटिंग के नाम पर मोटी रकम वसूलती थीं. जिसे दुल्हन बनाकर बात कराती वह भी कॉल सेंटर की ही लड़की होती थी. इस तरह से यह गैंग रोजाना सैकड़ों लोगों से लाखों रुपए की ठगी करता था. करीब बीते डेढ़ साल से यहां पर यह मैट्रीमोनियल साइट की आड़ में ठगी करने वाला कॉल सेंटर चल रहा था. पुलिस ने कॉल सेंटर में काम करने वाली 15 लड़कियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया.

जबकि सरगना अनुराधा त्रिवेदी, विक्रम खूटे और प्रियंका को अरेस्ट कर लिया. मंगलवार दोपहर तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि अब तक 10 से 15 हजार से ज्यादा लोगों से करोड़ों की ठगी कर चुके हैं. पुलिस सरगना और उनके पार्टनर का बैंक अकाउंट समेत अन्य डिटेल खंगाल रही है। इससे साफ हो सके कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों से कितने रुपए की ठगी की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *