फतेहपुर में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक गिरफ्तार; डंपर जब्त

Spread the love

फतेहपुर के हुसैनगंज चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. हादसा सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल भेजने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर वाहन को थाने में खड़ा करा दिया है.

मृतक की पहचान शाहपुर कोड़हिया, चित्तीसापुर निवासी श्रीकांत यादव पुत्र राम कृपाल यादव (50) के रूप में हुई है. श्रीकांत मोटरसाइकिल (UP 71 AU 4321) से हुसैनगंज चौराहे की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक की 16 चक्का डंपर (UP 71 AT 8911) से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि श्रीकांत बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए. हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में हुसैनगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने जांच की तो श्रीकांत की मौत हो चुकी थी.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके और अस्पताल की ओर रवाना हो गए. परिवार में मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है. चालक को भी हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है.

तहरीर के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई: थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *