कानपुर के चकेरी में डांसर की संदिग्ध हालात में मौत, बेड पर पड़ा मिला शव; गले में चोट के निशान

Spread the love

कानपुर में बुधवार सुबह डांसर कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू (21) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. युवक अपने कमरे में बेड पर अचेत पड़ा मिला. गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने मोहल्ले के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. मामला चकेरी थाना क्षेत्र के घाउखेड़ा की सुलभ वाली गली का है.

चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि- “परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है. गले पर मिले चोट के निशान की विशेषज्ञ टीम से जांच कराई जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

घाऊखेड़ा के रहने वाले शम्भूनाथ पासवान जाजमऊ स्थित टेनरीकर्मी है. परिवार में पत्नी गीता देवी, बड़ा बेटा ऋषभ कुमार, बहू सलोनी और पोती नित्या है. मृतक की मां गीता देवी ने बताया कि कृष्ण कुमार रात करीब 11 बजे से 2 बजे तक मोबाइल चला रहा था. इसके बाद वह कमरे में सोने चला गया.

सुबह करीब 5 बजे उन्हें आहट हुई कि कोई सीढ़ियों से नीचे गया है. कुछ देर बाद वह कृष्ण को जगाने उसके कमरे में पहुंचीं. कृष्ण का मुंह तकिए से ढका था. उन्होंने तकिया हटाकर बेटे को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद बड़े बेटे ऋषभ कुमार को जगाया गया.

चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए. परिजन कृष्ण को पहले निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे कांशीराम अस्पताल भेजा गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप: बड़े ऋषभ कुमार ने बताया कि, कृष्ण का मोहल्ले के रहने वाले से पुराना विवाद चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि 21 सितंबर को कृष्ण को रोककर गाली-गलौज और मारपीट की गई थी. इसके बाद घर पर पथराव भी किया गया था. जिसमें उनकी मां के पैर में चोट लगी थी. आरोप है कि, पुराने विवाद में कृष्ण महत्वपूर्ण गवाह था और यूकी गवाही बाकी थी.

आरोपियों ने कई बार गवाही देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. परिजनों का दावा है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई. अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो ऐसा नहीं होता.

दिल्ली में ऑडिशन देना था बड़े भाई ऋषभ ने बताया कि कृष्ण डांस करता था और उसे 9 अक्टूबर को दिल्ली में ऑडिशन देने जाना था. परिवार के मुताबिक, वह इसे लेकर तैयारी कर रहा था. अचानक उसकी मौत से घर में कोहराम मचा है.

गले के चोट के निशान ने बढ़ाया संदेह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। गले पर मिले चोट के निशान को लेकर पुलिस जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *