कानपुर में ज्वेलरी कारीगर ने फंदा लगाकर जान दी, दो दिन बाद दुकान के कमरे में मिला शव

Spread the love

कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारीगर ने दुकान के ऊपर बने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी. दो दिन तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर दुकानदार को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो कारीगर का शव फंदे से लटका मिला.

सूचना पर फीलखाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मूलरूप से पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के दंतपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रभाकर कोले (40) करीब दो साल पहले कानपुर आया था। वह फीलखाना स्थित ज्वेलर्स की दुकान में आभूषण बनाने का काम करता था और दुकान के ऊपर बने कमरे में ही रहता था.

दो दिन से नहीं दिखा तो दुकानदार को हुआ शक: परिजनों के मुताबिक, प्रभाकर पिछले कुछ समय से कारोबार कम चलने के कारण परेशान रहता था. सोमवार को उसने कमरे में फंदा लगा लिया.

बुधवार सुबह दुकानदार रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचा. प्रभाकर दो दिन से दिखाई नहीं दिया तो उसने मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद वह ऊपर कमरे में पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था.

काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. दुकानदार ने आसपास के लोगों को बुलाया. पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो प्रभाकर का शव फंदे से लटका मिला. दुकानदार ने 112 नंबर पर सूचना दी.

भाई पश्चिम बंगाल से कानपुर पहुंचा: घटना की जानकारी मिलने पर प्रभाकर का बड़ा भाई दिवाकर कोले ट्रेन से पश्चिम बंगाल से कानपुर पहुंचा। दिवाकर ने बताया कि परिवार में मां सरना लता कोले और दो भाई शुभांकर कोले व प्रभाकर थे.

उसने बताया कि प्रभाकर करीब दो साल पहले काम की तलाश में कानपुर आया था. यहां ज्वेलर्स की दुकान पर आभूषण बनाने का काम करने लगा था. पिछले कुछ समय से काम कम होने के कारण वह परेशान था. भाई की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी कर रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई: फीलखाना थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में कारोबार कम चलने के कारण प्रभाकर के परेशान रहने की जानकारी सामने आई है. परिजनों की ओर से फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *