घाटमपुर में पिकअप ने स्कूटी सवार को रौंदा, भागने के चक्कर में 200 मीटर तक घसीटते ले गया

Spread the love

कानपुर के घाटमपुर में स्कूटी सवार युवक को पिकअप ने टक्कर मार दी. फिर भागने के चक्कर में स्कूटी सवार को 200 मीटर तक घसीटता ले गया. गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया लेकिन स्कूटी के परखच्चे उड़ गए.

युवक ने कहा- एक पल के लिए उसे ऐसा लगा कि अब वह नहीं बच सकता लेकिन माता रानी की कृपा से उसकी जान बच गई. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है. पीड़ित ने घाटमपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी है. पुलिस पिकअप की तलाश कर रही है. हादसा 10 अक्टूबर को मूसानगर रोड का है.

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया- “सूचना मिली थी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पिकअप की तलाश की जा रही है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.”

पालिका मार्केट से कुछ सामान लेने के लिए रूका था: घाटमपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर पश्चिमी के रहने वाले शुभम ने बताया- वह हमीरपुर में नौकरी करते हैं. शनिवार देर शाम वह वापस स्कूटी से घर लौट रहे थे. मूसानगर रोड पर स्थित नगर पालिका के मार्केट पर वह घर का कुछ सामान लेने के लिए रुके थे.

करीब 9 बजे जैसे जाने के लिए स्कूटी घुमाई तभी पिकअप के बोनट में स्कूटी पहुंच गई. इसके बाद पिकअप के चालक ने गाड़ी रोकने की बचाए स्पीड बढ़ा ली. करीब 200 मीटर दूर तक घीसटता ले गया. मैं बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था लेकिन पिकअप के ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी.

इस दौरान स्कूटी पिकअप से छूट गई. लोगो ने शोर मचाया लेकिन तब तक पिकअप चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया. घटना में स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई. गनीमत रही मैं बच गया. युवक ने देर रात घाटमपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *