कानपुर में पंचर की दुकान में सोते युवक को सांप ने डसा, मौत के बाद भी झाड़-फूंक कराते रहे परिजन

Spread the love

कानपुर में महाराजपुर के सिकटिया गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. पंचर की दुकान में लेटे युवक को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं थे. जिंदगी की आखिरी उम्मीद में वे करीब 10 घंटे तक शव लेकर कानपुर से फतेहपुर तक अस्पतालों और ओझाओं के चक्कर लगाते रहे. मृतक की पहचान सिकटिया निवासी शकील अहमद पुत्र हबीब के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक शकील रविवार दोपहर करीब 12 बजे पुरवामीर पेट्रोल पंप के पास अख्तर की पंचर दुकान में लेटा था, तभी सांप ने उसके सिर पर डस लिया.

चीख सुनकर लोग दौड़े और उसे सरसौल सीएचसी ले गए, जहां से हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने हैलट रेफर कर दिया. हैलट में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने हार नहीं मानी. डॉक्टरों के मना करने के बाद भी वे कई निजी अस्पतालों में जांच कराते रहे और फिर झाड़-फूंक के लिए रात 10 बजे तक कानपुर से फतेहपुर तक भटकते रहे, लेकिन जान नहीं बच सकी.

बताया गया कि शकील पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था, अविवाहित था और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था. माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए बिना पुलिस सूचना के गांव के बाहर कब्रिस्तान में शव को दफनाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *