कानपुर के चौबेपुर कस्बे में एक साधारण सी बात ने हिंसक रूप ले लिया। दर्जियाना मोहल्ले में रविवार सुबह नाली साफ करने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों में विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चौबेपुर कस्बे के दर्जियाना मोहल्ले में सुबह करीब 10 बजे सतीश मिस्त्री अपने घर के बाहर की नाली साफ कर रहे थे. इसी दौरान उनके पड़ोसी भुल्लन के घर से नाली में तेज पानी आने लगा. सतीश ने पड़ोसी से कुछ देर पानी रोकने की बात कही. इस पर भुल्लन और उनके दोनों बेटे लाठी-डंडे और सरिया लेकर आ गए और सतीश पर हमला कर दिया. जब सतीश के परिवार के लोग बचाव के लिए आए, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया.
पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना की पृष्ठभूमि में सतीश मिस्त्री का कहना है कि उनके घर के बाहर की नालियां लंबे समय से गंदी थीं. कई बार शिकायत करने के बाद भी सफाई कर्मचारी नहीं आए, इसलिए वे खुद नाली साफ कर रहे थे.
















Leave a Reply